उत्तर प्रदेश

बिना पंजीकरण संचालित आर्यन हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई , महिला स्टाफ के गिरने के मामले ने पकड़ा तूल

बिना पंजीकरण संचालित आर्यन हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई , महिला स्टाफ के गिरने के मामले ने पकड़ा तूल

सुजीत कुमार सिंह

गाजीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र में स्थित ब्लॉक के समीप संचालित आर्यन हॉस्पिटल का एक गंभीर विवाद और जांच के घेरे में आ गया है । जानकारी के अनुसार आज दिन सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया । और कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं , जिसके बाद अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है । जबकि यह मामला रविवार का है , जब आर्यन हॉस्पिटल में कार्यरत एक महिला स्टाफ नर्स संदिग्ध परिस्थितियों में अस्पताल की दूसरी मंजिल की छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी । जिस घायल स्टाप नर्स के भाई ने बिरनो थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर एस. के. कुशवाहा ने जानबूझकर उसकी बहन को छत से धक्का दिया । और उसके साथ मारपीट भी की । इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने डॉक्टर एस. के. कुशवाहा के खिलाफ जान से मारने की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया । जिसके बाद से आरोपी डॉक्टर फरार बताया जा रहा है । इस गंभीर घटना को संज्ञान में लेते हुए , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो के अधीक्षक डॉ. एस. के. मिश्रा ने आर्यन हॉस्पिटल का निरीक्षण किया । इस निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्थिति देखकर अधीक्षक हैरान रह गए । इस अस्पताल के अंदर आठ बेड , दो ऑक्सीजन सिलेंडर , दवाइयां और अन्य चिकित्सकीय उपकरण पाए गए , जिससे स्पष्ट हुआ कि अस्पताल का संचालन नियमित रूप से किया जा रहा था । जब अधीक्षक ने अस्पताल से संबंधित पंजीकरण और अन्य आवश्यक कागजात मांगे , तो वहां मौजूद महिला कर्मी ने बताया कि अस्पताल का अभी तक कोई रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया है । उसने यह भी स्वीकार किया कि अस्पताल संचालन के लिए जरूरी किसी भी प्रकार की औपचारिक अनुमति या तैयारी पूरी नहीं की गई है । और सब कुछ “ठीक-ठाक” होने के बाद   ही रजिस्ट्रेशन कराने की योजना थी । इस जवाब से नाराज अधीक्षक डॉ. एस. के. मिश्रा ने बिरनो थाने में तहरीर देकर अस्पताल संचालक धर्मेंद्र कुमार यादव और डॉक्टर एस. के. कुशवाहा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है । उन्होंने बिना पंजीकरण अस्पताल चलाने को गंभीर लापरवाही बताते हुए , मरीजों की जान से खिलवाड़ करार दिया । इस संबंध में बिरनो (थानाध्यक्ष) अजय कुमार यादव ने बताया कि घायल स्टाफ नर्स के भाई की तहरीर पर पहले ही डॉक्टर एस. के. कुशवाहा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है । वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक की तहरीर के आधार पर अस्पताल (संचालक) धर्मेंद्र कुमार यादव और डॉक्टर एस. के. कुशवाहा के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई   की जा रही है । इस मामले की जांच जारी है , और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ।

रिपोर्टर संवाददाता –

Related Articles

Back to top button