रंगों और रचनात्मकता से सजा बीकापुर विद्यालय, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा*







*रंगों और रचनात्मकता से सजा बीकापुर विद्यालय, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा*
सुजीत कुमार सिंह
*भारत विकास परिषद ने आयोजित की चित्रकला, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता*
गाजीपुर – उच्च प्राथमिक विद्यालय बीकापुर, सदर गाजीपुर का प्रांगण उस समय रंगों, कलात्मकता और बच्चों के उत्साह से जीवंत हो उठा, जब भारत विकास परिषद, गाजीपुर के तत्वावधान में चित्रकला, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कल्पनाशक्ति, सृजनात्मकता और कला-कौशल का शानदार प्रदर्शन किया । इस प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से कागज और विद्यालय परिसर में उकेरा। रंगोली एवं मेहंदी के माध्यम से भी विद्यार्थियों ने आकर्षक कलाकृतियां प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बच्चों के उत्साह और रचनात्मकता ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया । इस कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की सम्मानित सदस्य अंजना राय, अनिता तिवारी, निरुपमा उपाध्याय एवं माया रानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। परिषद की सदस्यों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में उनका मार्गदर्शन किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की । इस अवसर पर विद्यालय की इको क्लब प्रभारी माधुरी यादव ने भारत विकास परिषद की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। इस तरह के रचनात्मक आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी कल्पनाशक्ति और सृजनात्मक क्षमता को भी विकसित करते हैं । भारत विकास परिषद की ओर से विद्यालय में आयोजित इस पहल से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी कलात्मक प्रतिभा को सामने लाने का एक बेहतर मंच प्रदान किया । इस कार्यक्रम में विद्यालय प्रभारी संध्या श्रीवास्तव, सुधा दुबे, आस्था त्रिपाठी, सपना राय सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान बच्चों के चेहरे पर उत्साह और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का आत्मविश्वास साफ नजर आया ।





रिपोर्टर संवाददाता –





